एक हजार शोभायात्रा निकली, 20 लाख दीये जले, 4 हजार मंदिरों में सुंदरकांड

अयोध्या लखनऊ

अनंतकाल से बाबा विश्वनाथ जिस मंत्र से मनुष्य को जन्म और मृत्यु के बंधन से मुक्त करते रहे हैं। उसी मंत्र राम-राम को सोमवार को काशीवासी मुक्त कंठ से जपते रहे। उनका रोम रोम रामनाम से पुलकित और स्पंदित होता रहा। अयोध्या में सोमवार को प्रभु श्रीरामलला विराजे और इसका रंग में चहुंओर बिखरा। हर कोई सुबह से लेकर रात उल्लास में सराबोर रहा। रामयात्राएं निकालीं, दीप जलाए गए और जमकर आतिशबाजी हुई। काशीवासी रामनाम का प्रसाद लेकर तृप्त हुए। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में सुबह श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा शुरू हुई तो काशी उत्सवी माहौल में डूब गई। जगह-जगह डीजे पर रामधुन गूंजने लगे। घर से लेकर देवालय तक राम की आभा निखरी। जैसे-जैसे अनुष्ठान आगे बढ़ता गया वैसे वैसे लोगों में उल्लास और उमंग बढ़ने लगा।

शहर में जगह-जगह लगे एलईडी टीवी पर प्राण प्रतिष्ठा का लाइव देखने के लिए भीड़ दिखी। हर हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष गूंजते रहे। शाम ढलते ही घर से लेकर देवालय तक दीपों जगमग हो उठे। विभिन्न मंदिरों में श्रीराम के चित्र और कटआउट लगे थे। सड़कों और गलियों में रामभक्तों का हुजूम उमड़ा था।

चहुंओर रामनाम की पताका लहराई और गगनभेदी रामनाम का शंखनाद होता रहा। एक बारगी ऐसा लगा जैसे काशी अवधधाम बन गई हो। घरों पर रामनाम का पताका तो किसी के सिर पर
रामनाम की टोपी और हाथ में पताका लिए मन में रामनाम का जप करते नजर आए।

25 हजार दीपों से जगमग हुआ विश्वनाथ धाम, सजी रामदरबार की झांकी
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम सोमवार को कुछ समय के लिए अयोध्या धाम बन गया। अयोध्या में शिव के आराध्य श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो रही थी और यहां बाबा के धाम में 21 वैदिक ब्राह्मण और 51 बटुक वेद पाठ कर रहे थे। श्रीराम दरबार की झांकी सजी थी और संगीतमय सुंदरकांड का पाठ हो रहा था। शंख ध्वनि और डमरू की गड़गड़ाहट के बीच धाम में हर हर महादेव… के साथ जय श्रीराम… का जयघोष हो रहा था और शाम को पूरा धाम दीपों से जगमगा उठा।

श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु गुरु, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, महापौर अशोक तिवारी, आरएसएस काशी प्रांत के रमेश, मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा, मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा, मंदिर न्यास के ट्रस्टी प्रो. ब्रजभूषण ओझा, मंदिर के डिप्टी कलेक्टर शंभूशरण, बीजेपी के महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय सहित श्रद्धालुओं ने प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रभु श्रीराम की आरती उतारी।

तीन लाख लड्डु भक्तों में वितरित किए गए। शाम को धाम में 25 हजार दीप जलाए गए। दीपों के जगमगाहट से धाम में दिवाली जैसे उत्सव का अनुभव हो रहा था। राष्ट्रीय संगीत अकादमी की ओर से आयोजित संगीत संध्या में कलाकारों ने प्रभु श्रीराम पर आधारित गायन-वादन आदि प्रस्तुतियों से विभोर किया।

वर्षों की तपस्या आज पूरी हुई: रमेश
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के काशी प्रांत के प्रचारक रमेश ने कहा कि वर्षों की तपस्या आज पूरी हुई। अनगिनत कारसेवकों का बलिदान आज सार्थक हुआ। यह पूरे राष्ट्र के लिए शुभ संकेत है, प्रभु श्रीराम पूरे राष्ट्र के हैं।

तीन लाख पर्यटकों ने किया निशुल्क नौकायन
रामोत्सव पर सोमवार को नाविकों ने दिनभर श्रद्धालुओं को मुफ्त में नौकायन कराया। नाविक समाज के मुताबिक करीब तीन लाख श्रद्धालुओं ने नौकायन का लुत्फ उठाया। राजघाट से लेकर रामनगर तक के नाविकों ने नौकायन कराया। राजघाट से शोभायात्रा भी निकाली गई। इसमें करीब 50 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *